Dainik Jagran, 22 Jan 2013


सिकलीगर परिवारों को मिलेंगे पक्के मकान

भूपेश चट्ठा, पटियाला  :  समीपवर्ती कस्बे बहादुरगढ़ में लंबे समय से गरीबी से जूझ रहे सिकलीगर परिवारों को अब पक्के मकान मिलेंगे। बापू जंग सिंह के सात परिवारों को पहले चरण में पक्के मकान बनवा कर दिए जा रहे हैं। सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट ने इन परिवारों के कच्चे मकानों को ढहा कर पक्के मकान बनवाने का काम आज शुरू करवा दिया है। याद रहे कि सिकलीगर परिवारों की गरीबी का मामला पहले भी दैनिक जागरण ने उठाया था। इसके बाद समाज सेवी संगठन गुरु नानक मोदी खाने ने इन परिवारों के लए मासिक राशन का प्रबंध कर दिया था। बीते साल फरवरी महीने से इन परिवारों को राशन देते आ रहे अंतरराष्ट्रीय भाऊ भाईचारे के प्रधान व मोदी खाने के कर्ताधर्ता बलविंदर सिंह सैफदीपुर की अपील पर अब सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन व दुबई के जाने माने होटल व्यवसायी एसपी ओबेराय से इन लोगो की मदद करने की अपील की गई। इसके चलते अब इन लोगों को पक्के घर नसीब होंगे। बहादुरगढ़ में बलविंदर सिंह सैफदीपुर ने आजादी के बाद से पिछले 65 सालों से कच्चे मकानों में रहते आ रहे इन लोगों के मकानों का निर्माण अपनी देखरेख में शुरू करवा दिया है। हालांकि वे कहते हैं कि उन्होंने हाल ही में गुरु नानक मोदीखाना की ओर से कंबल बांटे जाने के एक कार्यक्रम के दौरान एसपी ओबेराय से इन परिवारों के लिए कुछ करने की अपील की थी, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया और उन्होंने ने ही ये काम शुरू करवाया है। सैफदीपुर बताते हैं कि आर्कीटेक्ट से नक्शा तैयार करवा लिया है, आज कच्चे मकान गिराने का काम शुरू किया गया है। दो दिनों में जमीन बराबर कर दी जाएगी। इसके साथ ही मकानों के निर्माण का काम शुरू हो जाएगा। वे कहते हैं कि श्री गुरु महाराज की कृपा से श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के जन्म दिवस पर काम शुरू हुआ है और बैसाखी तक खत्म भी हो जाएगा। खालसा पंथ के जन्म दिवस पर इन परिवारों को पक्के मकान नसीब हो जाएंगे। मोदी खाने के मुख्य सेवादार सैफदीपुर कहते हैं कि उनकी प्रार्थना ओबेराय साहिब ने स्वीकार कर ली है। अब और लोगों से भी अपील है कि गरीब परिवारों की मदद को आगे आएं। वहीं बापू जंग सिंह ने बताया कि आज अखबारों में छपी खबर रंग लाई है और वे बाबा बलविंदर सिंह सैफदीपुर और एसपी ओबेराय की देन नहीं दे सकते जिन्होंने सात परिवारों के 28 लोगों को सुविधाएं देकर गरीबी से बाहर निकाला है। अब बारिश व सर्दी, धूप से उनकी भी छत बची रहेगी।
 

एसपीएस ओबराय ने कंबल बांटे  

मुख्य संवाददाता, पटियालाचैरी ट्रस्ट दुबई के संचालक समाज सेवी एसपी सिंह ओबराय ने जरूरतमंदों को सर्दी से बचाने के लिए गांव-गांव पहुंचकर कंबल बांटे। इससे पूर्व वे दिल्ली में जरूरतमंदों को करीब 13 हजार कंबल बांट चुके हैं। लोगों को कंबल बांटते हुए ओबराय ने कहा कि कड़ाके की ठंड से बचने के लिए कई लोगों के पास बचाव का कोई साधन नहीं है। गरीब लोगों को ठंड से बचाने के लिए उन्होंने कंबल बांटने का प्रण मन ही मन किया है। उन्होंने कहा कि यदि इंसान ही इंसान के काम नहीं सकता तो मानव जीवन के कोई मायने नहीं हैं। मंगलवार को उन्होंने गांव थेड़ी, डीलवाल, नूरखेड़ी, बोसर, भोहलरा, खेड़ी पंडिता, हीरा कालोनी, बहादुरगढ़, गांव फग्गन माजरा सहित 15 गांवों में जरूरतमंदों को कंबल बांटे। इस मौके संस्था के सदस्य गुरमीत सिंह, बलविंदर सिंह सैफदीपुर, जसविन्दर सिंह खालसा दुबई वाले, जस्सा सिंह संधू, शीतल सिंह नंबरदार, वरियाम सिंह प्रधान, सुखवंत सिंह, तेजिंदर सिंह तेज़ी, जसपाल सिंह, शहीद भगत सिंह नौजवान सेवा दल के सदस्यों के अतिरिक्त बड़ी संख्या में इलाकावासी उपस्थित थे।
 
पटियाला में समाजसेवी एसपी सिंह ओबराय (दुबई वाले)जरुरतमंद ग्रामीणों को कंबल वितरित करते हुए, साथ हैं बलविंदर सिंह सैफदीपुर अन्य।- जागरण